पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी के 2 विधायक सहित लगभग 50 पार्षद भाजपा में शामिल 

Amit Raj  Tuesday 28th of May 2019 06:25 PM
(35) (3)

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के दौरान, बंगाल की सियासत जैसी गर्म थी कुछ ऐसी ही स्थिति अभी भी मौजूद है। भाजपा की बंगाल में अप्रत्याशित सफलता के बाद से ममता बनर्जी को झटके पर झटके मिल रहे है। इसी क्रम में मंगलवार को TMC के 2 विधायक और 50 से ज्यादा पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। इनके अलावा एक माकपा विधायक ने भी भाजपा की सदस्यता ली। सभी को भाजपा नेता मुकुल रॉय के बेटे सुभ्रांशु रॉय बंगाल से दिल्ली लेकर आए थे। यहां भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।

कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “जैसे पश्चिम बंगाल में सात चरणों में चुनाव हुए, वैसे ही भाजपा में भी सात चरणों में ज्वाइनिंग होगी। आज पहला चरण था।”

बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भाजपा और ज्यादा आक्रामकता के साथ ममता बनर्जी की पार्टी TMC के नेताओं को अपने पाले में लाने में जुटी है। कभी ममता बनर्जी के काफी करीबी रहे मुकुल रॉय ही इसकी पूरी जिम्मेवारी उठाये हुए हैं। जिनका कहना है कि TMC  के कार्यकर्ता दीदी के तानाशाही रवैये से त्रस्त होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

मुकुल रॉय के बेटे शुभ्रांशु को TMC पार्टीविरोधी गतिविधियों के आरोप में पहले ही निलंबित कर चुकी थी। शुभ्रांसु रॉय ने प्रदेश में भाजपा की सफलता पर पिता मुकुल रॉय की प्रशंसा की थी, जिसके बाद ममता बनर्जी खासी नाराज हो गई थीं।

गौरतलब है कि आज भाजपा में शामिल हुए तीनों ही विधायक बैरकपुर लोकसभा सीट के तहत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों से विधायक हैं और 50 के करीब TMC पार्षद अलग-अलग नगरपालिका क्षेत्र से है जो अब  भाजपा का दामन थाम चुके हैं।

TMC के पार्षदों में शामिल गरीफा के वॉर्ड छह की TMC पार्षद रूबी चटर्जी ने कहा कि हम ममता जी से नाराज नहीं हैं लेकिन बंगाल में भाजपा की हालिया जीत से प्रभावित होकर हम पार्टी में शामिल हो रहे हैं। लोग भाजपा को पसंद कर रहे हैं और उसके लिए काम कर रहे हैं।


 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले