श्रीलंका सीरियल ब्लास्ट: भारत ने किया था अलर्ट, PM तक नहीं पहुंच पाई सूचना 

Shruti Dixit  Wednesday 24th of April 2019 09:18 PM
(22) (3)

श्रीलंकन प्रधामंत्री रानिल विक्रमसिंघे

नई दिल्ली पड़ोसी देश श्रीलंका में हुए आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार सुबह तक मरने वालों का आंकड़ा 359 तक पहुंच गया है। श्रीलंका के रक्षा मंत्री रुवान विजेवर्धने ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी, उन्होंने बताया कि मरने वालों में 39 विदेशी नागरिक थे। साथ ही उन्होंने ये भी खुलासा किया कि भारत की ओर से हमले को लेकर चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसकी जानकारी हमारे प्रधानमंत्री तक नहीं पहुंच पाई थी। 

श्रीलंका के रक्षा मंत्री ने बताया कि भारत ने आतंकी हमले से जुड़ी कुछ रिपोर्ट्स पहले ही श्रीलंका को दी थीं लेकिन वह कभी हमारे प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे तक नहीं पहुंच पाईं। उन्होंने बताया कि ये इनपुट राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना को मिला था, जिसपर उन्होंने जांच करने का भरोसा जताया था लेकिन प्रधानमंत्री और रक्षा एजेंसियों को इनके बारे में सूचित नहीं किया।

सूत्र बताते हैं कि भारतीय खुफिया तंत्र ने पहले आतंकी हमले से लगभग दो घंटे पहले श्रीलंका खुफिया संस्था के शीर्ष अधिकारियों से संपर्क कर आतंकी हमलों की चेतावनी दी थी। श्रीलंका खुफिया के एक अधिकारी ने स्वीकार भी किया था कि भारत की तरफ से आतंकी हमलों की चेतावनी शनिवार को भी दी गई थी। इतना ही नहीं, भारत ने श्रीलंका को 4 और 20 अप्रैल को भी आत्मघाती हमलों के प्रति आगाह किया था।

हालांकि मंगलवार को कट्टर इस्लामी संगठन इस्लामिक स्टेट आईएस ने अमाक न्यूज के जरिये श्रीलंका में हुए आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन उसने अपने इस दावे के समर्थन में एक भी सबूत मुहैया नहीं कराए। गौरतलब है कि ईस्टर पर हुए नौ आत्मघाती हमलों में मृतक संख्या 359 पहुंच गई है, जबकि 500 के आसपास घायल हैं। हताहतों में श्रीलंका के मूल निवासियों के साथ-साथ दर्जन भर देशों के लोग शामिल हैं, जो ईस्टर या पर्यटन के सिलसिले में श्रीलंका आए थे।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले