पश्चिम बंगाल के भाटापारा में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, दो की मौत, कई घायल  

Amit Raj  Thursday 20th of June 2019 04:19 PM
(41) (22)

पुलिसकर्मी भाटपारा में उत्तेजित लोगों को सँभालते हुए।

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में हिंसक घटनाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। ताज़ा समाचार राज्य के भाटपारा क्षेत्र से है जहाँ गुरुवार को दो गुटों के बीच हुई आपसी झड़प में दो व्यक्ति की मौत और चार अन्य के घायल होने की ख़बर सामने आई है। भाटपारा और जगतदल के अधिकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव के चलते चार से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगाते हुए धारा 144 लागू कर दी है। मृतक की पहचान रामबाबू शॉ के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि इस झड़प के दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर कच्चे बम फेंके और गोलियाँ भी बरसाई। स्थिति पर नियंत्रण के लिए जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आँसू गैस के गोले दागे। फ़िलहाल घायलों को इलाक़े के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पश्चिम बंगाल सरकार के गृह सचिव, अलपन बंदोपाध्याय ने मीडिया को बताया, “इन क्षेत्रों में कुछ असामाजिक और आपराधिक तत्व सक्रिय रहे हैं। कुछ बाहरी तत्व भी स्थानीय असामाजिक तत्वों में शामिल हो गए। सरकार इन घटनाओं को गंभीरता से असाधारण मानती है।”

घटना की जानकारी लगने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ताबड़तोड़ आला अधिकारियों को आपात बैठक करने के निर्देश दे दिए हैं। इसके बाद स्टेट पुलिस चीफ और मुख्य सचिव द्वारा पुलिस अधिकारियों की आपात बैठक ली जा रही है। इस हमले के बाद एक बार फिर भाटपारा में माहौल खराब हो गया है।

अज्ञात बदमाशों के हमले में पानीपुरी का ठेला लगाने वाले रामबाबू की मौत हो गई। वहीं एक अन्य की अस्पताल ले जाते वक्त जान चली गई। हमले में घायल 3 अन्य लोगों की भी हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि भाटपारा में चुनाव के दौरान भी जमकर हिंसा हुई थी। वहीं चुनाव खत्म होने के बाद भी यहां तनाव की स्थिति बनी हुई है।

बता दें कि यह वही इलाका है जहां लोकसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रीय पार्टियों के बीच विवाद देखने को मिले थे। पूर्व में हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया गया था कि भाटपारा में नया पुलिस स्टेशन बनाया जाए ताकि कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में लाया जा सके। अभी यह शुरू नहीं हो पाया है।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले