अमेरिका के आयोवा में भारतीय मूल के 4 लोगों की गोली मार कर हत्या 

Amit Raj  Monday 17th of June 2019 11:44 AM
(21) (13)

वह घर जहाँ चार लाशें पायी गई।

नई दिल्ली: अमेरिका में भारत के आंध्रप्रदेश के चार लोगों की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना आयोवा राज्य के वेस्ट डेस मॉयनेस की है। मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार (16 जून, 2019) को इन चारों लोगों की हत्या की गई है। 

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक मरने वालों में 44 साल के चंद्रशेखर शंकर, 41 साल की उनकी पत्नी लावण्या शंकर के अलावा उनके 15 और 10 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस को जांच के दौरान मृतकों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का मानना है कि शंकर उदास था और उसने अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी होगी, बाद में आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि वे सभी बंदूक की गोली लगने से मरे हैं लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बात ही पता चलेगा। पुलिस अधिकारी डैन वेड ने कहा, “इस हत्या के बारे में जानने के बाद इस परिवार से संबंध रखने वाले किसी भी व्यक्ति को बहुत बुरा लगेगा। हमने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। हमें सबूत जुटाने के लिए कई सवालों के जवाब खोजने होंगे, जिसके लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। हम जल्द ही इस केस को सुलझा लेंगे और हमें भरोसा है कि इस घटना के बाद आगे किसी को खतरा नहीं होगा।”

ऐसी ही घटना पहले भी हो चुकी है, इसी साल फरवरी के महीने में अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत के पेनसाकोला शहर में 48 साल के भारतीय के गोवर्धन रेड्डी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। के गोवर्धन फ्यूल स्टेशन पर काम करते थे और मूल रूप से वो तेलंगाना के भोंगिरी-यदाद्री जिले के रहने वाले थे।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले