‘गगनयान परियोजना’ को मिली कैबिनेट की मंजूरी, 10 हजार करोड़ रुपए हुए पास  

Team Suno Neta Friday 28th of December 2018 08:04 PM
(0) (0)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट की बैठक में एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया, जिसके तहत इसरो के मिशन गगनयान के लिए 10 हजार करोड़ रुपए को मंजूरी दी गयी। इस मिशन के तहत 3 भारतीय अंतरिक्ष में सात दिन बिताएंगे।

कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि इस योजना को मंजूरी मिलने के बाद अगले 40 महीने के अंदर इसे लॉन्च कर दिया जाएगा। प्रसाद ने कहा कि आज दुनिया ने अंतरिक्ष में भारत का लोहा माना है।अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की ताकत तेजी से बढ़ रही है। इसरो ने इसी साल एक साथ 104 उपग्रह को अंतरिक्ष में भेज कर रिकार्ड स्थापित किया है। मिशन गगनयान इस दिशा में एक और बड़ी पहल है। दुनिया के अन्य देश भी सेटेलाइट लॉन्च के लिए इसरो की मदद ले रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने इसी साल मिशन गगनयान का ऐलान किया था। इस मिशन के 2022 तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

भारत के 72 वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गगनयान परियोजना की घोषणा की थी। इस घोषणा के चार महीने बाद मंत्रिमंडल ने 'गगनयान' परियोजना को अपनी मंजूरी दे दी। इस परियोजना की मदद से भारत, अंतरिक्ष में इंसान भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा। अभी अंतरिक्ष में अमेरिका, रूस और चीन की ओर से ही मानवयान भेजे गए है।

इससे पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख के सिवान ने कहा था कि अंतरिक्षयात्रियों को अंतरिक्ष में भेजने वाली प्रौद्योगिकी विकसित की जा चुकी है। इस दिशा में मानव क्रू मॉड्यूल, पर्यावरण नियंत्रण तथा जान बचाने की प्रणाली जैसी प्रौद्योगिकी भी विकसित की जा चुकी है। सिवान ने कहा कि 2022 में गगनयान को रवाना करने पर इसरो जियोसिंक्रोनस सेटेलाइट लांच व्हीकल मार्क-III (GSLV Mark-III) का इस्तेमाल करते हुए दो मानवरहित मिशन यानों को और भेजेगा।


 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले