मोहन भागवत का पश्चिम बंगाल हिंसा पर कहा ‘अपनी दंडशक्ति के प्रयोग में असक्षम राजा को राजा कहलाने का अधिकार नहीं’ 

Team Suno Neta Monday 17th of June 2019 10:34 AM
(44) (17)

मोहन भागवत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने ममता बनर्जी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में कहीं कोई हिंसा होती है, तो शासन को उसे काबू करना चाहिए और अगर राज्य का राजा ही ऐसा नहीं कर पाता, तो उसे खुद को राजा कहलाने का हक नहीं है।

नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में संघ प्रमुख भागवत ने कहा, “आखिर क्या चल रहा है बंगाल में? चुनाव के बाद कहीं ऐसा ऐसी हिंसा होती है क्या? क्या ऐसा किसी और राज्य में हो रहा है? यह नहीं होना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “अगर कुछ व्यक्तियों के कारण ऐसा होता है, तो शासन-प्रशासन को आगे आकर उसे कंट्रोल करना चाहिए। वे उसकी उपेक्षा नहीं कर सकते।”

उन्होंने यह भी कहा, “सामान्य व्यक्ति नासमझ हो सकता है, गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार कर सकता है। लेकिन राज्य के राजा का यह कर्तव्य है कि समाज के हित में राष्ट्र की एकात्मता और अखंडता सुनिश्चित करने वाला व्यवहार वह अपनी दंडशक्ति से स्थापित करे। अगर कोई राजा ऐसा नहीं कर पाता, तो क्या वह राजा कहलाने का हकदार है?”

बता दें कि इस बार के लोकसभा चुनाव में ममता बनर्जी के गढ़ में भाजपा ने बड़ी सेंधमारी कर 17 सीटों पर जीत दर्ज की। उसके बाद से ही  कोलकाता में कई भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या का सिलसिला चल पड़ा है जिसका आरोप भाजपा तृणमूल पर लगाते आ रही है।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले