बिहार बंगाल में छठे चरण के दौरान हिंसा... 

Amit Raj  Sunday 12th of May 2019 06:27 PM
(0) (0)

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों के लिए मतदान जारी। छठे चरण में 14 महत्वपूर्ण सीटें भी शामिल हैं। रविवार को सात राज्यों के 10.17 करोड़ से अधिक मतदाता ईवीएम का बटन दबाकर 979 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश में 14, हरियाणा में 10, पश्चिम बंगाल, बिहार और मध्य प्रदेश में आठ-आठ, दिल्ली में सात और झारखंड में चार सीटों के लिए मतदान होगा। रविवार को होने वाले मतदान के साथ केन्द्रीय मंत्रियों राधामोहन सिंह, हर्षवर्धन और मेनका गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेताओं दिग्विजय सिंह व ज्योतिरादित्य सिंधिया की किस्मत का फैसला हो जाएगा।

5 बजे तक 58% मतदान हुआ। सबसे ज्यादा बंगाल में 77% वोट पड़े।झारखंड में 60%, मध्यप्रदेश में 59% और हरियाणा में 60% वोट डाले गए हैं। बंगाल से एक बार फिर हिंसा की खबरें निकालकर सामने आ रही है। 

यहां के घाटाल से भाजपा प्रत्याशी पूर्व आईपीएस अफसर भारती घोष के काफिले पर हमला किया गया। उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। केशपुर मतदान केंद्र के बाहर उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। भाजपा ने इस घटना के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है।चुनाव आयोग ने इस मामले में जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।

वहीं बंगाल के झारग्राम के गोपीबल्लभपुर में भाजपा कार्यकर्ता का शव मिला है। पार्टी ने तृणमूल पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर, पूर्व मिदनापुर के भगवानपुर में भी भाजपा के दो कार्यकर्ताओं अनंता गुचैत और रंजीत मैती को गोली मार दी गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

बिहार के पूर्वी चंपारण में भी हिंसक झड़प


बिहार के पश्चिम चंपारण सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय जायसवाल पर नरकटिया स्थित बूथ पर भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। निजी सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायरिंग कर संजय को बचाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी हुई। राजद से लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी ने अमित शाह को इस मामले में घसीटते हुए कहा कि अमित शाह अपने कार्यकर्ताओं को संभालकर रखें । वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस हिंसा के लिए महागठबंधन को जिम्मेवार ठहराया है ।

 

अपना कमेंट यहाँ डाले