योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपना विभाग छोड़ने की पेशकश की 

Team Suno Neta Thursday 14th of February 2019 04:12 PM
(52) (10)

ओम प्रकाश राजभर

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। काफी लंबे समय से नाराज चल रहे ओम प्रकाश राजभर ने अपने मंत्रालय का प्रभार छोड़ने की पेशकश की है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर ने इसे लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी भी लिखी है।

ओम प्रकाश राजभर के पास अभी पिछड़ा वर्ग-दिव्यांगजन सशक्तिकरण का विभाग है। उन्होंने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि वह इस मंत्रालय का प्रभार वापस मुख्यमंत्री को दे रहे हैं।

राजभर ने अपने पत्र में लिखा है कि सरकार के द्वारा पिछड़े वर्ग के छात्र/छात्राओं की छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति ने किए जाने पर और पिछड़ी जातियों को 27 फीसदी आरक्षण का बंटवारा सामाजिक न्याय समिति के रिपोर्ट के अनुसार ना करने पर रोष जताया है।

ओम प्रकाश राजभर लगातार योगी सरकार और भाजपा के खिलाफ बयान देते रहे हैं। बीते दिनों अखिलेश यादव ने सपा-बसपा गठबंधन का ऐलान करते हुए संकेत दिए थे कि उनकी ओम प्रकाश राजभर से बात चल रही है।

ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के साथ आई थी। हालांकि, जब से सरकार बनी है तभी से ओम प्रकाश राजभर सरकार के खिलाफ बयान देते रहे हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की राजभर समुदाय के बीच पकड़ मजबूत है। दरअसल, ओम प्रकाश राजभर की मांग है कि लोकसभा चुनाव में उन्हें दो से तीन सीटें दी जाएं।

2017 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के 4 विधायक जीतने में सफल रहे थे। राजभर का जनाधार पूर्वांचल के बलिया, गाजीपुर, मऊ और वाराणसी क्षेत्र में है। ऐसे में अगर वो लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा से नाता तोड़कर अलग होते हैं, तो पार्टी के लिए बड़ा झटका हो सकता है।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले