श्रीलंका से लगी समुद्री सीमा पर हाई अलर्ट, भारतीय कोस्ट गार्ड ने संभाला मोर्चा 

Shruti Dixit  Monday 22nd of April 2019 09:02 PM
(24) (13)

हमले के बाद एक चर्च का दृश्य।

नई दिल्ली भारतीय तटरक्षक बल के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि श्रीलंका से लगी समुद्री सीमा पर कोस्‍ट गार्ड को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यही नहीं आत्‍मघाती हमले में शामिल साजिशकर्ताओं और आतंकियों को श्रीलंका से फरार होने से रोकने के लिए जहाजों और समुद्री निगरानी विमानों को तैनात किया गया है। बता दें कि श्रीलंका बम धमाकों में मरने वालों की संख्‍या 290 तक पहुंच गई है। 

इस बीच राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना ने घोषणा की है कि श्रीलंका में आज रात से आधी रात से आपातकाल लागू कर दिया जाएगा। सिलसिलेवार बम धमाकों का दर्द झेल रहे श्रीलंका में अभी भी हालात सामान्य होने का नाम नहीं ले रहें। रविवार को लगातार आठ बम विस्‍फोटों के बाद देर रात को कोलंबो में एयरपोर्ट के बाहर बम मिलने से सनसनी फैल गई थी।

उधर, सोमवार को भी कोलंबो में एक चर्च के पास वैन में विस्फोट हुआ। ये विस्फोट तब हुआ जब स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और वायुसेना का एक दस्ता बम को डिफ्यूज करने की कोशिश कर रहा था। इसके अलावा श्रीलंका पुलिस को कोलंबो के मुख्य बस स्टेशन पर 87 बम डेटोनेटर भी मिले है। धमाकों में अब तक 290 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहा है। इनमें जेडीएस के 4 नेताओं समेत 8  भारतीय शामिल हैं। 33 विदेशी नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने इमरजेंसी की घोषणा की है। यह सोमवार आधी रात से लागू होगी। राष्ट्रपति के बयान में यह भी कहा गया है कि सरकार हमलों के अंतर्राष्ट्रीय लिंक को ट्रैक करने के लिए विदेशी सहायता की मांग करेगी। वहीं इंटरपोल ने आतंकी हमले की जांच में श्रीलंकाई अधिकारियों को पूर्ण समर्थन देने की पेशकश की है। 

इंटरपोल के महासचिव जुर्गन स्टॉक ने कहा, “इंटरपोल इन हमलों की कड़ी निंदा करता है और नेशनल अथॉरिटिज द्वारा की जा रही जांच में अपना पूरा समर्थन देने की पेशकश करता है।” उन्होंने कहा कि हमारी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों और दोस्तों के साथ हैं।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले