लखनऊ में राजनाथ सिंह को चुनौती देंगी शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा, समाजवादी पार्टी ने दिया टिकट 

Shruti Dixit  Tuesday 16th of April 2019 05:56 PM
(29) (13)

डिंपल यादव (बाएं) के साथ पूनम सिन्हा

नई दिल्ली उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की सुपर हाई-प्रोफाइल सीट से बीजेपी प्रत्याशी राजनाथ सिंह को गठबंधन की तरफ से सपा प्रत्याशी पूनम सिन्हा टक्कर देंगी। बता दें कि पूनम भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी हैं। पूनम सिन्हा मंगलवार को लखनऊ पहुंचीं और सपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। पूनम सिन्हा के नाम का नामांकन पत्र ले लिया गया है और वे 18 अप्रैल की सुबह नामांकन करेंगी। लखनऊ से भाजपा सांसद और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह मैदान में हैं। हालांकि पहले पूनम सिन्हा के जेडीयू के टिकट पर बिहार से चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन मंगलवार को उन्होंने लखनऊ में समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली।

सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा, “पूनम सिन्हा लखनऊ से गठबंधन की उम्मीदवार होंगी। वह 18 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी। कांग्रेस से अपील है कि वह यहां कोई उम्मीदवार न उतारें ताकि भाजपा को मात दी जा सके।”शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा आमतौर पर बॉलीवुड की लाइम लाइट से दूर ही रहती हैं। 65 साल की पूनम सिन्हा शुरूआती दौर में भले ही कुछ बॉलीवुड फिल्मों में दिखी हों लेकिन साल 1980 में शत्रुघ्न सिन्हा से शादी करने के बाद उन्होंने रुपहले पर्दे से पूरी तरह दूरी बना ली।

शुरूआती समय में वह ‘कोमल’नाम से हिंदी फिल्मों में आईं थी। फिल्मों में आने से पहले वह मिस यंग इंडिया प्रतियोगिता की विजेता भी रह चुकीं थीं। इसी के बाद उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री की थी। कुछ साल पहले आशुतोष गोविरकर की फिल्म जोधा अकबर से उन्होंने बॉलीवुड में वापसी की थी। फिल्म में उन्होंने ऋतिक रोशन की मां का दमदार रोल निभाया था। इसके अलावा भी वह एक दो फिल्मों में दिखी हैं। उन्होंने कुछ फिल्में निर्देशित भी की हैं। पूनम सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा भी बॉलीवुड अभिनेत्री हैं।

आपको बता दें कि लखनऊ सीट पिछले दो दशक से बीजेपी का एक मजबूत गढ़ रही है। इस सीट पर कब्जे के लिए कांग्रेस समेत समाजवादी पार्टी और बसपा हमेशा से ही जोर आजमाइश करती रही हैं लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी की इस सीट को कब्जाने में कामयाब नहीं रहे। 2007 में अटल के राजनीति से संन्यास लेने के बाद इस सीट से 2009 में लालजी टंडन सांसद बने। उसके बाद 2014 में राजनाथ सिंह यहां से भारी वोटों से जीते।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले