देश के नाम संबोधन में नरेंद्र मोदी ने A-SAT मिसाइल के सफल परीक्षण की घोषणा की, विपक्ष ने दी कड़ी प्रतिक्रिया  

Team Suno Neta Wednesday 27th of March 2019 06:28 PM
(11) (2)

नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह एलान किया की वह देश के नाम संबोधन करने जा रहे है। मोदी ने बाद में देश को संबोधित करते हुए बताया कि अंतरिक्ष में भारत ने बड़ी छलांग लगाई है।

बुधवार को नरेंद्र मोदी ने देश को सम्बोधित करते हुए बताया कि मिशन शक्ति की कामयाबी से अंतरिक्ष में भारत को बड़ी कामयाबी मिली है। हमारे स्पेस साइंटिस्ट ने अपनी योग्यता का परिचय देकर दुनिया को बता दिया है कि वो किसी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि लो अर्थ ऑर्बिट में एक लाइव सैटेलाइट को A-SAT ने मार गिराया। इस तरह से भारत दुनिया के उन तीन देशों अमेरिका, चीन और रूस की की कतार में शामिल हो गया है जिनके पास इस तरह की क्षमता हासिल है।

भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाते हुए बुधवार (27 मार्च) को एंटी सैटेलाइट मिसाइल से एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया। यह परीक्षण ओडिशा के डॉ. ए पी जे अब्‍दुल कलाम आइलैंड लॉन्‍च कॉम्‍प्‍लेक्‍स से किया गया, जब एंटी सैटेलाइट मिसाइल ने अंतरिक्ष में 300 किमी दूर पृथ्वी की निचली कक्षा 'LEO' में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया।

विपक्ष ने मिशन शक्ति की घोषणा पर उठाया सवाल:

कांग्रेस से राज्य सभा सांसद अहमद पटेल ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि UPA सरकार ने ASAT कार्यक्रम की शुरुआत की थी जो आज फलफूल रहा है। पटेल ने हालांकि इसके बाद स्पेस साइंटिस्ट को बधाई दी। उन्होंने अपने बधाई सन्देश में पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह का इस मिशन के सपने के लिए आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस के अहमद के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे भाजपा का पब्लिक स्टंट बताया। बनर्जी ने मिशन शक्ति के बारे में कहा कि इस मिशन की कामयाबी के बारे में बताने की इतनी जल्दी नहीं थी। मोदी के इस ऐलान से जाहिर है कि भाजपा को ऑक्सीजन की जरूरत थी। भाजपा की नाव डूब रही है और डुबती नाव को बचाने के लिए इस तरह का ऐलान किया गया है। उनकी पार्टी इस संबंध में चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएगी।

वहीं लेफ्ट पार्टी CPM के महासचिव सीताराम येचुरी ने प्रधानमंत्री मोदी के मिशन शक्ति की घोषणा पर चुनाव आयोग को खत लिखा है। सीताराम येचुरी ने मोदी के इस कदम को आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। इसके साथ ही येचुरी ने चुनाव आयोग से प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन की जानकारी होने को लेकर भी सवाल किया है।  

मिशन शक्ति की कामयाबी के बाद देश को सम्बोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी:


 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले