PNB धोखाधड़ी मामले में वांटेड मेहुल चोकसी ने अपना भारतीय पासपोर्ट सरेंडर किया  

Team Suno Neta Monday 21st of January 2019 01:05 PM
(0) (0)

मेहुल चोकसी

नई दिल्ली: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) धोखाधड़ी मामले के भगोड़े आरोपी  हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी ने अपने भारतीय पासपोर्ट को त्याग दिया है। चोकसी ने अपने पासपोर्ट नंबर जेड 3396732 को कैंसिल्ड बुक्स के साथ जमा करा दिया है। नागरिकता छोड़ने के लिए चोकसी को 177 अमेरिकी डॉलर का ड्राफ्ट भी जमा करना पड़ा है। इस बारे में विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित नारंग ने गृह मंत्रालय को सूचना दे दी है। नागरिकता छोड़ने वाले फार्म में चोकसी ने अपना नया पता जौली हार्बर सेंट मार्कस एंटीगुआ बताया है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार चोकसी ने गुयाना में भारतीय उच्चायोग में अपना पासपोर्ट सरेंडर किया

इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा: “हमारी सरकार ने भगोड़े आर्थिक अपराधियों के बिल को पारित कर दिया है। जो भाग गए हैं उन्हें वापस लाया जाएगा। इसमें कुछ समय लग सकता है लेकिन इन सभी को वापस लाया जाएगा।’’

चोकसी ने पिछले साल भारत से भागने के बाद एंटीगुआ की नागरिकता प्राप्त कर ली थी। दावा किया कि उसने PNB के साथ पैसों का निपटारा करने का प्रस्ताव दिया था। उसने इस बात से भी इनकार किया कि उसने बैंक को धोखा देने के इरादे से देश छोड़ा था।

चोकसी ने यह भी दावा किया कि उसका मामला उनके भतीजे नीरव मोदी से “पूरी तरह से’’ अलग था। नीरव मोदी को PNB  से जुड़े एक अन्य मामले में भी आरोपी के रूप में नामित किया गया था। चोकसी ने हाई कमीशन को कहा कि उसने नियमों के तहत एंटीगुआ की नागरिकता ली और भारत की नागरिकता छोड़ी है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस माह के पहले हफ्ते में भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी की कंपनी गीतांजलि समूह की थाईलैंड में स्थित 1314 करोड़ रुपये कीमत की एक फैक्टरी को कुर्क कर लिया था। ED ने कहा था कि इस कुर्की के साथ PNB घोटाले में की गई कुर्की व जब्ती करीब 4,765 करोड़ रुपये तक की हो गई है। आगे की जांच जारी है।

CBI और ED द्वारा दायर अलग-अलग मामलों में चोकसी को आरोपी के रूप में नामित किया गया था। CBI और ED द्वारा दायर अलग-अलग मामलों में  दावा किया गया था कि कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए बैंक ऑफ अंडरस्टैंडिंग (LOU) जारी करने के लिए धोखाधड़ी वाले लेनदेन किए गए थे।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले