दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल को थप्पड़ मारने वाले को बताया AAP कार्यकर्ता, आम आदमी पार्टी ने दिया साबित करने का चैलेंज 

Shruti Dixit  Monday 6th of May 2019 12:23 PM
(13) (12)

अरविंद केजरीवाल 

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार के दौरान एक युवक द्वारा चांटा मारे जाने की घटना की निंदा की और उन पर बार बार होने वाले हमलों के पीछे बड़ी साजिश होने की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि इस कायराना हरकत के पीछे भाजपा का हाथ है। दिल्ली पुलिस ने हमलवार को आप कार्यकर्ता बताया है तो आम आदमी पार्टी ने कहा कि दिल्ली पुलिस झूठ बोल रही है, उसकी बीवी उसे मोदी भक्त बता रही है। 

दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि थप्पड़ मारने का आरोपी सुरेश नाम का यह युवक कबाड़ी का काम करता है और वह आप पार्टी का समर्थक है तथा इसकी रैलियों और बैठकों में बतौर आयोजक काम करता है।थप्पड़ मारने वाले युवक के खिलाफ रविवार सुबह एफआईआर दर्ज कर ली गई।बताया जा रहा है कि शख्स पार्टी  नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी से नाराज था। इस पूरे मुद्दे पर केजरीवाल रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक थप्पड़ मारने वाले शख्स की पहचान कैलाश पार्क निवासी सुरेश चौहान के रूप में हुई है। 33 साल का सुरेश दिल्ली में ही स्क्रैप डीलिंग का काम करता है। सुरेश ने पुलिस को बताया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में कोई भी विकास कार्य नहीं किया है। सिर्फ एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रही है। ऐसे में उसने गुस्से में आकर इस घटना को अंजाम दिया।

हालांकि, आरोपी सुरेश की पत्नी ममता का कहना है कि उनके पति का किसी राजनीतिक पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। सुरेश काफी समय से केजरीवाल से नाराज था। वह घर से कुछ कह कर नहीं निकला था। स्‍थानीय विधायक कुछ दिन पहले उसके पास आए थे और उन्होंने (विधायक) मोदी जी के बारे में उल्टा सीधा बोला, जिसको लेकर भी वो नाराज था। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जन संपर्क अधिकारी अनिल मित्तल ने बताया कि मामले की जांच के लिए डीसीपी लेवल के अधिकारी को आदेश दे दिया गया है। पूछताछ के दौरान सुरेश ने खुद को आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बताया है। उसने बताया कि आम आदमी पार्टी की रैली और रोड शो के दौरान वह पार्टी के लिए काम कर चुका है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह पार्टी के नेताओं के व्यवहार से नाराज था।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल पर हमले की निंदा की और कहा कि विपक्षी नेताओं पर हमला संकेत देता है कि भाजपा लोकसभा चुनाव हार रही है और हताश हो गयी है। उनके अलावा आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और पूर्व मंत्री शरद यादव, माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घटना की निंदा की है।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले