भाजपा मुख्यालय में न्यूज़ कांफ्रेंस के दौरान जी वी एल नरसिम्हा राव पर जूता फेंका गया 

Shruti Dixit  Thursday 18th of April 2019 03:06 PM
(18) (8)

आरोपी शक्ति भार्गव (दाएं)

नई दिल्ली लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के बीच दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एक शख़्स ने जूता फेंक दिया। भाजपा नेता जीवीएल नरसिम्हा राव प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे, इसी दौरान जूता फेंका गया, जो उनके चेहरे को छूते हुए निकल गया। घटना के तुरंत बाद जूता फेंकने वाले शख़्स को पकड़ लिया गया। मामले में और छानबीन जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची आईपी स्टेट थाने की पुलिस ने आरोपी शख़्स को हिरासत में लिया और थाने ले गई।

यह पहली बार है जब भाजपा कार्यालय में ऐसी कोई घटना हुई है। बताया जा रहा है कि राव न्यूज़ कॉन्फ्रेंस में भोपाल से भाजपा की प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा की उम्मीदवारी पर बात कर रहे थे। जीवीएल ने घटना के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं रोकी और पत्रकारों से बैठे रहने को कहा। उन्होंने कहा कि हमलावर ने कांग्रेस की मानसिकता दर्शाई है। इस दौरान भाजपा के महासचिव भूपेंद्र यादव भी मंच पर मौजूद थे। घटना के बाद लोगों ने जूता फेंकने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया गया और बाहर ले गए। उसकी पहचान कानपुर के डॉ. शक्ति भार्गव के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक, व्यक्ति ने बताया कि वह भोपाल से मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा को टिकट दिए जाने से नाराज था। उसे आईपी एस्टेट थाना ले जाया गया है, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा कि जूता फेंकने वाला शख्स शक्ति भार्गव कानपुर का रहने वाला है। वह हॉल में सबसे आगे बैठा था। जैसे ही राव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, तभी शख्स ने जीवीएल पर जूता फेंक दिया। हालांकि, जीवीएल बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शख्स को पकड़ लिया और पुलिस को सौंपा दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शक्ति भागर्व का परिवार कानपुर में रहता है, जिससे उसका कोई लेना-देना नहीं है। ज़मीन विवाद को लेकर शक्ति परेशान रहता है और मानसिक तौर पर तनावग्रस्त है।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले