पश्चिम बंगाल में तृणमूल और भाजपा के बीच संघर्ष तेज़, पुलिस ने की लाठीचार्ज, छोड़े आंसू गैस 

Amit Raj  Thursday 13th of June 2019 10:19 AM
(56) (17)

कोलकाता में भाजपा प्रदर्शनकारी।

नई दिल्ली: भाजपा और तृणमूल के बीच बंगाल में हो रहा राजनीतिक द्वंद्व खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भाजपा के कार्यकर्ता ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात था। जब भीड़ पर काबू पाना मुश्किल हो गया तो बंगाल पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का प्रयोग किया।

अचानक वाटर कैनन का प्रयोग होने से अफरा तफरी का माहौल हो गया और लोग इधर उधर भागने लगे और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी। फिर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प शुरू हो गयी। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े। जिसके जवाब में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और पुलिस पर पत्थर एवं बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। 

इससे पहले सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि केन्द्र और सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकर्ता राज्य में हिंसा भड़काने और उनकी सरकार को गिराने का प्रयास कर रही हैं। ममता ने यह भी कहा था कि भाजपा उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है क्योंकि वह देश में इकलौती हैं जो उनका विरोध कर रही हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि घायल शेर ज़्यादा ख़तरनाक होता है।

बता दें कि रैली का नेतृत्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष दिलीप घोष कर रहे थे, जिसमें राज्य के नवनिर्वाचित 18 सांसद भी शामिल थे। रैली शहर के वेलिंगटन इलाके से लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़ रहा था। कार्यकर्ताओं ने रास्ते में सेंट्रल एवेन्यू तथा बी बी गांगुली सड़क पर बैठकर विरोध-प्रदर्शन किया। महिला प्रदर्शनकारियों ने वहां लगे बैरिकेट गिरा दिए। उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

भाजपा पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “पश्चिम बंगाल सरकार की दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ भाजपा के शांतिपूर्ण आंदोलन पर भी ममता सरकार का कहर बरपा! 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं पर पानी बौछार, अश्रु गैस और लाठीचार्ज किया गया।”

भाजपा नेता बाबुल सुप्रियो ने कहा, “सुबह 10.30 बजे फरीदपुर ब्लॉक में ध्वनि गांव स्टैंड पर आने के बाद फरीदपुर ब्लॉक सभापति सुजीत मुखर्जी और प्रतापपुर गांव पंचायत के उपप्रधान संजय मुख्पाध्याय के सामने भाजपाकर्मी काजोल हाजरा को गोली मारी गई।”

भाजपा नेता रूपा गांगुली ने कहा, “इस घटना की निंदा के लिए शब्द नहीं हैं। पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र बचा ही नहीं है। दोषी को कठोर से कठोर सजा हो।”

हिंसा के मद्देनजर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केएन त्रिपाठी ने गुरुवार को प्रमुख राजनीतिक दलों की एक बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने बंगाल के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को एक पत्र भेजकर राजभवन में शाम चार बजे सर्वदलीय बैठक में भाग लेने का अनुरोध किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने फैसले का स्वागत किया है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस ने बैठक में भाग लेने की पुष्टि की है। कांग्रेस और माकपा ने पत्र मिलने की पुष्टि की है, लेकिन बैठक में शामिल होने के संबंध में कुछ नहीं कहा। तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि हम राज्यपाल की सर्वदलीय बैठक में कल जाएंगे।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले