झारखंड के सरायकेला में नक्सली हमला, 5 पुलिसकर्मी शहीद 

Amit Raj  Saturday 15th of June 2019 10:51 AM
(12) (4)

नई दिल्ली: झारखण्ड के सरायकेला में शुक्रवार शाम नक्सलियों ने पुलिस जवानों पर हमला कर दिया। इसमें पांच जवान शहीद हो गए। वारदात के बाद नक्सली अपने साथ जवानों के हथियार भी उठा ले गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुछ नक्सलियों को भी गोली लगने की जानकारी मिली है।

झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) और प्रवक्ता मुरारी लाल मीणा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शाम को गश्त पर निकले पुलिस जवानों के दल को नक्‍सलियों ने बंगाल की सीमा के निकट तिरुलडीह थाना क्षेत्र में जंगलों में चारों ओर से घेर लिया और अंधाधुंध गोलीबारी की जिससे गाड़ी में सवार दो सहायक पुलिस निरीक्षकों और तीन सिपाहियों की मौत हो गई जबकि वाहन चालक ने मौके से किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि हमलावर नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर अपने साथ ले गए।

मीणा ने बताया कि शहीद सुरक्षाकर्मियों की पहचान सहायक पुलिस निरीक्षक गोवर्धन पासवान और मनोधन हांसदा एवं सिपाही धनेश्वर पूर्ति, युधिष्ठिर मालुवा और डिब्रू पूर्ति के रूप में की गई है।

सूत्रों के अनुसार इस घटना के पीछे महाराज प्रमाणिक के दस्ते का हाथ है। इस इलाके में महाराज के दस्ते का वर्चस्व है। महाराज के दस्ते ने जिले के खरसावां व कुचाई में हाल के दिनों में विस्फोट समेत अन्य घटनाओं को अंजाम दिया था।आपको बता दें कि इसी महीने झारखंड के दुमका जिले के तालदंगल के जंगलों में एसएसबी और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में भी एक जवान शहीद हो गया था। बीते 28 मई को सरायकेला में ही माओवादियों द्वारा किये गए ब्लास्ट में 11 जवान घायल हो गए थे।

इधर, सरायकेला एसपी चंदन सिन्हा ने कहा कि घटना के पीछे भाकपा मओवादियों के होने की आशंका है।

झारखंड के सीएम रघुबर दास ने इस हमले की निंदा की है। रघुबर ने ट्विटर पर लिखा: “सरायकेला में हुए नक्सली हमले में शहीद जवानों की शहादत को। दुख की इस घड़ी में समस्त झारखंडवासी शहीदों के परिजनों के साथ हैं। हमारी सरकार नक्सलवाद को करारा जवाब दे रही है, हमारे जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।”


 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले