लोकायुक्त के घेरे में गोवा के CM प्रमोद सावंत, संपत्ति से जुड़ा है मामला  

Shruti Dixit  Wednesday 3rd of April 2019 03:17 PM
(12) (4)

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत

नई दिल्ली गोवा लोकायुक्त जस्टिस (रि.) पीके मिश्रा अब नए-नवेले मुख्यमंत्री के दस्तावेजों की जांच करेंगे। इन दस्तावेजों में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के जीएसआईडीसी में संपत्ति के अधिकार की जांच की जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता और वकील एआरिस रोडरीगेस ने मुख्यमंत्री के खिलाफ संपत्ति मामले में लोकायुक्त से शिकायत की थी, जिसकी अब विस्तृत जांच की जाएगी। दरअसल प्रमोद सावंत पर आरोप है कि गोवा स्टेट इन्फ्रास्टक्चर डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन रहते हुए उन्होंने संपत्ति को अपनी आय में शामिल किया व इसमें हेरफेर भी हुआ।

आपको बता दें कि सावंत सूबे के 11वें मुख्यमंत्री हैं। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के असामयिक निधन के बाद राज्य में राजनीतिक संकट पैदा हो गया था। कांग्रेस ने भी सबसे बड़ी पार्टी होने की बात कहते हुए सरकार बनाने का दावा ठोक दिया था और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार संकट में दिख रही थी। ऐसे में कई बैठकों के बाद बीजेपी और सहयोगी दल नए मुख्यमंत्री के तौर पर एक नाम पर सहमत हुए, और वह नाम था प्रमोद सावंत।

विस्तार से जानें तो प्रमोद सावंत ने गोवा की सियासत में एक युवा नेता के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई। 24 अप्रैल 1973 को गोवा में जन्मे सावंत आयुर्वेद के डॉक्टर हैं। उनका पूरा नाम डॉक्टर प्रमोद पांडुरंग सावंत है। उनकी मां का नाम पद्मिनी सावंत और पिता का नाम पांडुरंग सावंत हैं। 45 साल के सावंत पर्रिकर सरकार के दौरान गोवा विधानसभा के अध्यक्ष थे। पर्रिकर की ही तरह सावंत भी अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं लेकिन उन पर शुरू हो रही इस जांच से सियासत में हलचल तो ज़रूर मचेगी। गोवा की संकेलिम विधानसभा सीट से विधायक रहे सावंत सोशल वर्क में भी पोस्ट ग्रैजुएट हैं।

प्रमोद सावंत ने 2012 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रताप गौंस को हराकर गोवा विधानसभा में कदम रखा था। वहीं, 2017 के चुनावों में उन्होंने कांग्रेस के धर्मेश प्रभुदास सगलानी को हराया था। प्रमोद सावंत की पत्नी सुलक्षणा सावंत केमिस्ट्री की टीचर हैं और गोवा की भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी हैं। सुलक्षणा बीकोलिम के श्री शांतादुर्गा हायर सेकेंड्री स्कूल में पढ़ाती हैं। संपत्ति अर्जित करने की बात करें तो प्रमोद सावंत करोड़ो की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 3.66 करोड़ की संपत्ति है। इसमें से 2 करोड़ रुपए की संपत्ति, जबकि 88 लाख रुपए कीलायबिलिटी है। सावंत सादगी के मामले में पार्रिकर से अलग हैं, जहां पर्रिकर के पास एक इनोवा कार थी और स्कूटर था। वहीं सावंत के काफिले में पांच कार हैं, जिनकी कीमत करीब 55 लाख रुपए की है।

सावंत निवेश के मालमे में भी काफी आगे हैं। उन्होंने बॉन्ड्स, डिबेंचर्स, शेयर पोस्टल सेविंग समेत कई अन्य जगह 1.16 करोड़ रुपए निवेश किए हैं। सांवत के पास में 62 लाख रुपए की खेती की जमीन है, जबकि नॉन एग्रीकल्चर भूमि 15 लाख रुपए की है। आवासीय बिल्डिंग 85 लाख रुपए की है।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले