चक्रवात वायु गुजरात के तटों से नहीं टकराएगा, 48 घंटे सावधान रहने की अलर्ट 

Amit Raj  Thursday 13th of June 2019 10:39 AM
(58) (21)

नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात “वायु” ने अपना रास्ता बदल दिया है। इस कारण अब यह गुजरात तट से नहीं टकराएगा। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम राजीवन ने कहा कि चक्रवात वायु के तट से टकराने की संभावना नहीं है। यह केवल तट के किनारे से गुजरेगा। इसके मार्ग में हल्का बदलाव आया है। लेकिन, इसका प्रभाव तट पर भी होगा, तेज हवाएं चलेंगी और भारी बारिश होगी। मौसम विज्ञान विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक देवेंद्र प्रधान ने बताया कि चक्रवात समुद्र में रहेगा और गुजरात तट के किनारे-किनारे गुजरेगा।

बुधवार को कहा गया था कि चक्रवात वायु बेहद गंभीर रूप ले चुका है और यह गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों की ओर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने यह भी कहा था कि गुरुवार यानी 13 जून को सुबह 145 से 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलेगी। अनुमान था कि उत्तर की ओर बढ़ता वायु 13 जून को सुबह गुजरात के तटीय इलाकों में पोरबंदर से महुवा, वेरावल और दीव क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके बाद तूफानी हवाओं की गति धीरे धीरे मंद पड़ना शुरु हो जाएगी। हालांकि अब भी 48 घंटे के लिए सभी क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है।

एहतियात के तौर पर भारतीय वायुसेना और एनडीआरएफ की टीमें गुजरात पहुंचनी शुरू हो गई थीं। गुजरात में हाई अलर्ट के चलते 3 लाख लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया। आईएमडी ने बताया कि चक्रवाती तूफान के कारण अरब सागर में तेज लहरें उठ रही हैं जो तटीय इलाकों की ओर बढ़ रही हैं। एक अधिकारी ने पूर्व में बताया था कि भारतीय तटरक्षक बल, नौसेना, सेना और वायु सेना की इकाइयों को आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है और निगरानी विमान और हेलीकॉप्टर हवाई सुरक्षा के लिए अभियान चला रहे हैं।

वायु से निपटने के लिए गुजरात प्रशासन हाई अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि प्रशासन ओडिशा सरकार के साथ संपर्क में है, ताकि तूफान फैनी के जैसे नुकसान को कम करने के तरीकों की जानकारी मिल सके। सभी कर्मचारियों को छुट्टी रद्द कर ड्यूटी पर लौटने को कहा है। तटीय इलाकों में सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों को 13 और 14 जून को बंद रखा जाएगा।

रेलवे ने भी चक्रवात ‘वायु’ के चलते 77 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा 33 अन्य ट्रेनें आंशिक रूप से रोक दी गई हैं। हालांकि, चक्रवात ने अपना रास्ता बदल लिया है और अब गुजरात तट से इसके टकराने की संभावना नहीं है, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर ये ट्रेनें रद्द की गई हैं।

गुजरात सरकार के राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पंकज कुमार ने कहा, “सरकार चक्रवाती तूफान वायु के लिए सरकार की सतर्कता उसी तीव्रता के साथ जारी है। लोगों को रहने के लिए आश्रय गृहों में भेजा गया है। लोग सुरक्षित स्थानों पर ही रहेंगे। उनकी तैयारी उसी स्तर पर जारी रहेगी।”


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले