बांग्लादेश पहुंचा चक्रवाती तूफान फोनी, 4 की मौत फिर भी UN ने की बचाव के प्रयासों की तारीफ 

Shruti Dixit  Saturday 4th of May 2019 10:22 PM
(11) (24)

फोनी तूफान

नई दिल्ली भारत के ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों से टकराने के बाद चक्रवाती तूफान फोनी की वजह से बांग्लादेश में 4 लोगों की मौत हो गई और 63 अन्य घायल हो गए। बीडीन्यूज24 की रिपोर्ट के अनुसार, आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री इनामुर रहमान ने इस आंकड़े की पुष्टि की। उन्होंने कहा, तूफान केंद्र ले जाए गए करीब 16 लाख लोग शनिवार को बाद में अपने घर वापस जा सकते हैं। बांग्लादेश मौसम विज्ञान विभाग ने हालांकि मोंगला, पायरा, चट्टोग्राम और कॉक्स बाजार जिलों के लिए खतरे के संकेतों को कम कर दिया है।

भीषण चक्रवाती तूफान शनिवार को पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश में प्रवेश करने से पहले ही कमजोर पड़ गया था। फोनी शुक्रवार सुबह ओडिशा के तट से टकराया था। फानी के प्रभाव से, शुक्रवार रात से ही तटीय बांग्लादेश के कई भागों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे कई घर व सड़क क्षतिग्रस्त हो गए , फसलें नष्ट हो गईं और पेड़ उखड़ गए।

भीषण चक्रवाती तूफान फोनी के प्रकोप का सामना करने वाले ओडिशा ने दुनिया को एक बड़ी सीख दी है। राज्य प्रशासन ने अपनी बेहतर प्लानिंग से जनहानि को कई गुना कम करके एक मिसाल पेश की है। ओडिशा ने पूरी दुनिया को बता दिया है कि विनाशकारी चक्रवाती तूफानों से कैसे निपटा जाए। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने भारत के प्रयासों की जमकर तारीफ की है। शुक्रवार को आया तूफान फोनी भी दुनियाभर में भारी नुकसान करने वाले चक्रवाती तूफानों जैसा ही था, मगर बेहतर प्लानिंग की वजह से भारत ने जानमाल के नुकसान को बहुत हद तक कम कर दिया। आमतौर पर फोनी जैसे भीषण तूफान सैकड़ों लोगों की जान लेता रहा है।इससे पहले 1999 में ओडिशा में आए सुपर साइक्लोन से 10 हजार से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। लेकिन इस बार मौत का आंकड़ा 12 तक ही सिमट गया।

ओडिशा सरकार ने लोगों को सचेत करने में और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में अपनी पूरी मशीनरी झोंक दी। तूफान से पहले करीब 26 लाख टेक्स्ट मैसेज भेजे गए, 43 हजार वॉलंटियर्स, 1000 आपातकालीन कर्मी, टीवी पर विज्ञापन, तटीय इलाकों में लगे साइरन, बसें, पुलिस अधिकारी और सार्वजनिक घोषणा जैसे तमाम उपाय राज्य सरकार ने किए और यह काम भी कर गया।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले