राहुल गांधी वायनाड से लड़ेंगे चुनाव, भाजपा से ज्यादा CPM परेशान 

Shruti Dixit  Sunday 31st of March 2019 10:13 PM
(13) (7)

राहुल गांधी

नई दिल्ली बीजेपी और नरेंद्र मोदी को हर दिन घेरने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस लोकसभा चुनाव में दो जगहों से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में अपने पारंपरिक गढ़ अमेठी के अलावा केरल की वायनाड संसदीय सीट से भी चुनाव लड़ेंगे। केरल से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने रविवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांधी ने प्रदेश इकाई के अनुरोध के बाद वायनाड से लड़ने पर सहमति जताई है। एंटनी ने कहा कि राहुल गांधी केरल की वायनाड संसदीय सीट से चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि इस फैसले को कांग्रेस की तरफ से दक्षिण भारत, खासकर केरल में अपने जनाधार को मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

केरल के वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ने के फैसले से सबसे ज्यादा बेचैनी बीजेपी के बजाय लेफ्ट पार्टियों में देखी जा रही है। यह नाराजगी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि माकपा के मुख पत्र ने भाजपा नेताओं की तरह बिना नाम लिए उन्हें पप्पू तक लिख दिया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के डी राजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को यह साफ करना चाहिए कि राहुल गांधी वायनाड से क्यों चुनाव लड़ रहे हैं? डी राजा ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि वह भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है तो साफ करे कि वह केरल में वामपंथ को क्यों चुनौती दे रही है। वह बोले कि कांग्रेस अध्यक्ष के वायनाड से चुनाव लड़ने की क्या जरूरत है? उन्होंने कहा कि वायनाड से कांग्रेस का कोई साधारण नेता चुनाव नहीं लड़ने जा रहा है बल्कि खुद कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। डी राजा ने कहा कि कांग्रेस को अपनी रणनीति साफ करनी चाहिए. हम यह नहीं बोल रहे हैं कि कांग्रेस भाजपा की मदद कर रही है, लेकिन उन्हें अपनी रणनीति साफ रखनी चाहिए। कांग्रेस को यह साफ करना चाहिए कि वे महागठबंधन के खिलाफ लड़ रहे हैं या बीजेपी के खिलाफ लड़ रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह दक्षिण भारत की आकांक्षाओं के समर्थन की लड़ाई है। यह उन ताकतों को करारा जवाब देने की लड़ाई है जो संस्कृतियों, भाषाओं एवं जीवनशैली के साथ ही उत्तर एवं दक्षिण भारत के बीच गहरे संपर्क पर हमला करते हैं। सुरजेवाला ने कहा कि अमेठी के लोग इस तथ्य पर भरोसा करते हैं कि राहुल गांधी के वहां रहने से वे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम षड़यंत्र रचने का है जबकि हमारा कार्य निर्माण का है।

कांग्रेस नेता एंटनी ने कहा कि वायनाड केरल में स्थित है लेकिन वह तमिलनाडु और कर्नाटक से भी घिरा हुआ है। उन्होंने कहा कि एक तरीके से यह तीनों दक्षिणी राज्यों के अनुरोध को संतुष्ट करेगा। एंटनी ने कहा कि इन तीनों राज्यों की तरफ से राहुल से कई आग्रह किए गए। उन्होंने कहा कि वायनाड पर विचार के सबसे बड़े कारणों में से एक यह था कि यह तीन दक्षिणी राज्यों का त्रिकोणीय जंक्शन है। पिछले कुछ हफ्तों से कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष से दक्षिण की किसी सीट से चुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे थे और उन्होंने उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले