कांग्रेस और DMK ने लोकसभा चुनाव के लिए तमिलनाडु में गठबंधन की घोषणा की 

Team Suno Neta Wednesday 20th of February 2019 07:00 PM
(19) (4)

एम के स्टालिन (चौथे दाएं) और के सी वेणुगोपाल (चौथे बाएं) गठबंधन की घोषणा के दौरान।

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) और पट्टली मक्कल काची (PMK) के साथ  गठबंधन किया तो अब कांग्रेस भी राज्य में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के साथ गठबंधन की दिशा में आगे बढ़ चली है। राज्य में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने बुधवार को कांग्रेस के साथ गठबंधन की घोषणा की है। कांग्रेस को कुल 10 सीटें आवंटित की गई हैं, जिनमें से कांग्रेस पार्टी तमिलनाडु में नौ और पुडुचेरी में एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। तमिलनाडु में 39 लोकसभा सीटें हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, विदुथलाई चिरुथिगाल काची, मारुमरलची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और वामपंथी दलों सहित अन्य दलों के भी DMK-कांग्रेस गठबंधन में शामिल होने की संभावना है।

DMK प्रमुख एम के स्टालिन ने अपने मुख्यालय में गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा, “2019 के चुनावों के लिए मैंने कांग्रेस प्रमुख के एस अलागिरी ने विचार-विमर्श किया है। हम कांग्रेस को 10 सीटें दे रहे हैं।”

कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने तमिलनाडु में कांग्रेस के चुनाव प्रभारी मुकुल वासनिक के साथ मिलकर स्टालिन से मुलाकात की। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा, “देश को इस गठबंधन की बहुत आवश्यकता थी। देश नरेंद्र मोदी से निराश है। मोदी ने चुनाव में जो वादा किया था, पिछले पांच वर्षों में कुछ भी पूरा नहीं हुआ है। हम पहली बार सहयोगी नहीं हैं। कांग्रेस और DMK दीर्घकालिक साझेदार हैं। हम तमिलनाडु में बहुत अच्छे परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं। हम तमिलनाडु में 100 फीसदी परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं। तमिलनाडु में हमारी बहुत मजबूत जीत होने जा रही है। आने वाले दिनों में हम यह तय करेंगे कि हम किन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।”

AIADMK ने मंगलवार को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा और PMK के साथ आगामी आम चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा की और राज्य में होने वाले उपचुनावों की घोषणा की। भाजपा पांच सीटों से और PMK सात सीटों पर चुनाव लड़ेगी।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले