लोकसभा चुनाव के इतिहास में पहली बार कांग्रेस से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ रही है भाजपा 

Shruti Dixit  Thursday 25th of April 2019 02:11 PM
(21) (0)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 437 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। यह पहला मौका है जब पार्टी इतनी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। संभवत: पहली बार पार्टी ने अपनी मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। 2014 के चुनाव में भाजपा ने 427 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 282 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। कांग्रेस ने 450 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे लेकिन मात्र 44 सीटें ही जीत पाई थी। राजनीतिक प्रेक्षकों का कहना है कि भाजपा का ज्यादा सीटों पर प्रत्याशी उतारने का कारण 2014 के बाद देश भर में हुआ इसका विस्तार है। पार्टी का आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गठबंधन नहीं है और वहां इसने सभी सीटों पर अपने दम पर प्रत्याशी उतारे हैं।

हालांकि एक पक्ष यह भी है कि कांग्रेस का बीजेपी के मुकाबले कम सीटों पर लड़ना उसकी कमजोरी से ज्यादा गठबंधन की रणनीति है। उसने तमाम सीटें अपने साझीदारों को दी हैं, जिसके चलते उसकी सीटों की संख्या कम हुई है। कांग्रेस के डेटा ऐनालिटिक्स डिपार्टमेंट के हेड प्रवीन चक्रवर्ती कहते हैं, 'बीजेपी का कांग्रेस से ज्यादा सीटों पर लड़ना इस बात का संकेत है कि वे गठबंधन करने में सफल नहीं हो पा रहे हैं, जबकि कांग्रेस नए साथी जोड़ने में सफल रही है।'

कांग्रेस ने भले ही 2014 में महज 44 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन कैंडिडेट उतारने में वह बीजेपी से आगे थी। तब उसने 464 सीटों पर कैंडिडेट्स उतारे थे, जबकि बीजेपी ने 428 सीटों पर सीधे तौर पर चुनावी जंग लड़ी थी। 2009 में बीजेपी ने 433 और कांग्रेस ने 440 सीटों पर चुनाव लड़ा था। 2014 में आम आदमी पार्टी ने 432 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ 4 सीटों पर जीत मिली थी और बहुजन समाज पार्टी ने सबसे अधिक 503 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था लेकिन उसका एक भी उम्मीदवार नहीं जीत सका था।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले