राहुल गांधी से की थी मुलाकात पर उन्होंने मना कर दिया: अरविंद केजरीवाल 

Shruti Dixit  Monday 1st of April 2019 12:58 PM
(24) (8)

अरविंद केजरीवाल (बाएं) और राहुल गांधी।

नई दिल्ली लोकसभा चुनाव 2019 से पहले राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की उम्मीदें अब पूरी तरह खत्म होती दिख रही हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को बयान दिया कि कांग्रेस ने उनकी पार्टी से गठबंधन करने से मना कर दिया है। बता दें कि कांग्रेस पहले ही इनकार कर चुकी थी, लेकिन सोमवार को केजरीवाल ने आधिकारिक तौर पर बताया कि उनकी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से बात हुई थी और उन्होंने गठबंधन से इनकार कर दिया। दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित के उनसे संपर्क ना करने के बयान पर केजरीवाल ने कहा कि हमने राहुल गांधी से मुलाकात की थी, शीला दीक्षित इतनी महत्वपूर्ण नेता नहीं हैं।

केजरीवाल लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए लगातार कांग्रेस से गठबंधन करने की अपील कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा था कि गठबंधन के मुद्दे पर दिल्ली कांग्रेस बंटी हुई है। दीक्षित और उनके तीन कार्यकारी अध्यक्ष भी इस गठबंधन का विरोध कर रहे हैं। पार्टी के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने हाल ही में बताया था कि दिल्ली के दीर्घकालिक परिणामों पर ध्यान देते हुए गठबंधन की संभावना कम है। सूत्र ने कहा कि बड़ा सवाल यह है कि गठबंधन के बाद आप 2020 चुनाव में कांग्रेस का मुकाबला कैसे करेगी। इसी के साथ ही, पार्टी को राजनीतिक रूप से ज्यादा फायदा नहीं होगा क्योंकि केजरीवाल द्वारा केवल 2-3 सीटों की पेशकश की जा रही है। ध्यान रहे, कांग्रेस 2014 लोकसभा चुनाव खाता भी नहीं खोल पाई थी। दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों के लिए 12 मई को मतदान होना है।

बता दें कि शनिवार को कांग्रेस प्रदेश कमिटी की हुई बैठक में आप के साथ गठबंधन पर आखिरी फैसला अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया गया था। केजरीवाल के बयान के बाद कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की उम्मीद खत्म हो गई है। अब दिल्ली की 7 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा। बता दें कि 2014 के चुनाव में बीजेपी ने दिल्ली की सभी 7 सीटें जीती थीं। आम आदमी पार्टी दिल्ली से अपने सभी 7 प्रत्याशियों का ऐलान पहले ही कर चुकी है। पार्टी ने दो मार्च को दिल्ली की कुल सात लोकसभा सीटों में से छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। आप ने बाद में एक अन्य उम्मीदवार की घोषणा की थी। पार्टी ने पूर्वी दिल्ली से आतिशी, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से गुग्गन सिंह, दक्षिणी दिल्ली से राघव चड्ढा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली दिलीप पांडे, चांदनी चौक से पंकज गुप्ता तथा नई दिल्ली सीट से ब्रृजेश गोयल चुनाव के नाम की घोषणा की थी। इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली से बलबीर जाखड़ को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया था।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले