लोकसभा चुनाव: दिल्ली में गठबंधन पर सस्पेंस खत्म नहीं, अब आया नया फॉर्म्युला 

Shruti Dixit  Saturday 20th of April 2019 02:19 PM
(24) (14)

संजय सिंह, मनीष सिसोदिया 

नई दिल्ली राजधानी दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सस्पेंस खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आम आदमी पार्टी के दोनों नेताओं के मुताबिक कांग्रेस गठबंधन के लिए तैयार नहीं हुई है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने कहा कि दिल्ली में लोकसभा की सात सीटों पर 4-3 फॉर्मूला पर आम आदमी पार्टी से बात चल रही थी। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी इस फॉर्मूले से तैयार है तो कांग्रेस भी राज़ी।

कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह आज सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर आप का फैसले के बारे में बताया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को सीटों के बटवारे पर दोनों दलों के बीच सकारात्मक संकेत मिले थे। बता दें कि आप ने गठबंधन की बातचीत को अंजाम तक पंहुचाने के लिए कांग्रेस को सोमवार तक का समय दिया था। इसके लिए पार्टी ने अपने तीन उम्मीदवारों के शनिवार को होने वाले नामांकन को स्थगित कर दिया था।

आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने बताया था कि अब सोमवार को आप के शेष छह उम्मीदवारों का नामांकन होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उसके रुख पर पुनर्विचार करने के लिये मौका देने के चलते पार्टी ने यह फैसला किया है ताकि गठबंधन को लेकर कांग्रेस के साथ चल रही बातचीत निर्णायक स्थिति में पहुंच सके। गठबंधन की इच्छुक आप ने अब कांग्रेस को नया फॉर्म्युला भी दिया है। इसके तहत दिल्ली में 4:3 और हरियाणा में 7:2:1 का गणित बताया गया है। दिल्ली में आप खुद चार पर लड़कर कांग्रेस को तीन सीटें देना चाहती है। वहीं हरियाणा में वह कांग्रेस को 7, दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) को 2 सीट के लिए मना रही है। लेकिन कांग्रेस हरियाणा में ज्यादा सीटों की मांग पर अड़ी है। वहीं चौटाला भी कांग्रेस से गठबंधन में कोई खास रुचि नहीं दिखा रहे।

इससे पहले, सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि दिल्ली में AAP- कांग्रेस गठबंधन ने “दिल्ली में भाजपा को पीछे कर दिया” होगा, लेकिन बातचीत के दौरान “केजरीवाल ने यू-टर्न लिया”। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए AAP नेता और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने गांधी पर प्रधानमंत्री “नरेंद्र मोदी की मदद” करने का आरोप लगाया।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले