राहुल गांधी ने कहा ‘RSS-BJP को नफरत से नहीं, प्यार से हराएंगे’ 

Team Suno Neta Thursday 14th of February 2019 03:07 PM
(30) (12)

राहुल गांधी

गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में इस वक्त विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ देश में भाजपा और RSS की विचारधारा है तो दूसरी तरफ कांग्रेस की।

राजस्थान के अजमेर में कांग्रेस सेवादल के महाधिवेशन को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, “'हम प्यार और मोहब्बत से काम करते हें। हम देश को जोड़ने का काम करते हैं। यह साधारण फर्क है। मोदी जी बड़े-बड़े भाषण देते हैं कि देश को बदलना है। 70 साल में कुछ नहीं हुआ है। नफरत को नफरत नहीं केवल प्यार ही काट सकता है। मैं अनुभव से बता रहा हूं कि जब मैं उनके गले मिला तो उनके अंदर जो नफरत थी। उस नफरत को मेरे प्यार ने दबा लिया।”

राहुल ने कहा कि भले ही भाजपा और मोदी कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हों लेकिन 2019 में हम उन्हें हराएंगे, उन्हें खत्म नहीं करेंगे बल्कि उन्हें हराएंगे और वह भी प्यार से।

राहुल ने आगे कहा कि वह कांग्रेस को बदनाम नहीं कर रहे बल्कि देश की जनता का अपमान कर रहे हैं। राहुल ने कहा भाजपा के लिए हिंदुस्तान प्रॉडक्ट है पर हमारे लिए समंदर हैं। इसमें सब लोग एक साथ ये मिलकर चलते है। उन्होंने कहा कि इस देश में किसी को डरने की जरूरत नहीं है। यह देश नफरत का देश नहीं बल्कि प्यार का देश है। नरेंद्र मोदी कहते हैं कि कांग्रेस को मिटा दूंगा और कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष लोकसभा में जाकर उनको गले लगाता है। 

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने सेवादल को 1927 में बैन कर दिया था। महात्मा गांधी, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस को वर्षों तक जेल में रखा गया था लेकिन उनमें से किसी ने भी अंग्रेजों से माफी नहीं मांगी जबकि वी डी सावरकर ने नौ बार माफी मांगी क्योंकि उन्हें उनसे डर था। सावरकर डर को दूर नहीं कर सकते थे इसलिए नफरत फैल गई। गांधीजी ने डर को खत्म कर दिया इसलिए प्यार सामने आया। उन्होंने सेवादल के कार्यकर्ताओं से प्यार फैलाने और प्यार से नफरत का मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वह सफेद टोपी और देश के हर कोने में सेवादल की वर्दी देखना चाहते हैं। जहां कहीं भी तूफान, हिंसा, नफरत हो। मैं सेवा दल और उसके प्यार को वहां देखना चाहता हूं।


 
 

रिलेटेड

 
 

अपना कमेंट यहाँ डाले